विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के मंदिर रोड पर इन दिनों बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग और आसपास की सड़कों पर कई आवारा पशु खुलेआम घूमते हुए देखे जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस मार्ग पर अचानक पशुओं के आ जाने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से ये बेसहारा पशु खुद भी दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और लोगों में भय का माहौल बन जाता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी चिंतपूर्णी मंदिर न्यास द्वारा कार्रवाई करते हुए इन बेसहारा पशुओं को उठाकर मंदिर न्यास की गोशाला में पहुंचाया गया था, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर मंदिर रोड और आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। अब सभी की निगाहें मंदिर न्यास की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।