उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में हवन में भी आहुति डाली और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में दर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास अक्तूबर में होने वाले नवरात्रों के दौरान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर के सौंदर्यीकरण के शिलान्यास कार्य में कुछ देरी जरूर हुई है, लेकिन अब इससे जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है और मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान चिंतपूर्णी के व्यापारी भी उपमुख्यमंत्री से मिले। व्यापारियों ने रोपवे को लेकर अपनी चिंताएं और सुझाव उनके समक्ष रखे। व्यापारियों ने मांग रखी कि प्रस्तावित रोपवे को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर लगाया जाए, ताकि चिंतपूर्णी के स्थानीय कारोबार और व्यापारियों पर इसका प्रतिकूल असर न पड़े। उपमुख्यमंत्री ने व्यापारियों की बात सुनी और उनकी ओर से रखे गए सुझावों पर चर्चा की। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी व अन्य लोग भी मौजूद रहे।