पूर्व भाजपा विधायक बलबीर सिंह चौधरी ने चिंतपूर्णी में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी और जिला प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब सवा सौ साल पुरानी कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ अपने संस्कारों से भी दूर हो गई है। चिंतपूर्णी मंदिर में शुरू की गई सुगम दर्शन पर्ची व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौधरी ने कहा कि 19 जून 2026 को केवल एक दिन की जांच में ही 80 पर्चियों की राशि गायब पाई गई। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की। उन्होंने जिला प्रशासन और विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सुगम दर्शन पर्ची व्यवस्था शुरू होने के बाद से अब तक केवल एक दिन की जांच क्यों की गई है। चौधरी ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करवाई जाए, ताकि अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।