उपमंडल अर्की के छोटी काशी के नाम से प्रख्यात बातल गांव में ऐतिहासिक दशहरा उत्सव में पाप के घड़ा फोड़ने की रस्म के बाद रावण दहन हुआ। अर्की राज परिवार के कंवर अजय देव ने रस्में निभाईं। साथ ही ग्रामीणों ने उनके सामने ही करीब 70 से 80 मीटर दूर रखे घड़े को बंदूक से फोड़ने के बाद दशहरा उत्सव मनाया। वहीं इससे पहले मंगलवार दोपहर बाद बातल गांव में भगवान विष्णु की पालकी पहुंची। उसके बाद दशहरे की रस्में शुरू हुईं।