फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन में पेयजल पाइप बिछाने में मानकों की अनदेखी का आरोप, छह इंच खुदाई कर डाली जा रहीं पाइपें

नाहन शहर में पेयजल टैंकों की कनेक्टिविटी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइनों के निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप लगा है। प्रदेश भाजपा के मीडिया सह प्रभारी विक्रम ने इस कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है और सरकारी धन का दुरुपयोग होने की आशंका है। प्रेसवार्ता के दौरान विक्रम ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार पेयजल पाइपों को जमीन में करीब दो फीट की गहराई पर दबाया जाना चाहिए, लेकिन नाहन में चल रहे कार्य में इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ठेकेदार महज छह इंच तक खुदाई कर पाइपें बिछा रहा है और इसके ऊपर सीमेंट का लेप लगाकर काम पूरा किया जा रहा है। विक्रम ने कहा कि निर्माण कार्य में कथित अनियमितताएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने इस मामले में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने वाला कोई नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह निर्धारित मानकों की अनदेखी कैसे हो सकती है। भाजपा नेता ने कहा कि इस परियोजना पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है। पहले सड़कों की खुदाई की जाती है और इसके बाद पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाती है। यदि पाइपें निर्धारित गहराई और तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं बिछाई जाती हैं तो भविष्य में पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने और अन्य समस्याएं पैदा होने की आशंका रहेगी। इससे सरकारी धन की भी बर्बादी हो सकती है। विक्रम ने संबंधित विभाग से पूरे निर्माण कार्य की जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार ही पाइपें बिछाने के निर्देश दिए जाने चाहिए। साथ ही पाइपों को जमीन में दो फीट की गहराई पर दबाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनी रहे और सरकारी धन का दुरुपयोग न हो।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें