नाहन शहर के चौगान मैदान में चल रहे स्टेपको सिरमौर उत्सव में खरीदारी के लिए लोग उमड़ पड़े। मेले में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे कारोबारियों ने घरेलू जरूरतों से जुड़ी कई तरह की दुकानें सजाई हैं। सस्ता और विविध सामान मिलने के कारण शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग नाहन पहुंच रहे हैं। मेले में कपड़े, जूते-चप्पल, कंबल, बेडशीट, पर्दे, रसोई के बर्तन, प्लास्टिक का सामान, क्रॉकरी, खिलौने, सजावटी वस्तुएं और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। महिलाएं विशेष रूप से घरेलू उपयोग और सजावट से जुड़े सामान की खरीदारी कर रही हैं, जबकि बच्चों की दुकानों पर भी खूब भीड़ देखने को मिल रही है। मेले में खरीदारी बढऩे से दुकानदारों और कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। व्यापारियों का कहना है कि शुरुआती दिनों में ही ग्राहकों की अच्छी संख्या पहुंच रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग एक ही स्थान पर जरूरत का सामान और अपेक्षाकृत कम कीमत में खरीदारी का अवसर मिलने से उत्साहित हैं। मेला 18 सितंबर तक चलेगा।