फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आगाज, 70 स्कूलों के 272 बाल वैज्ञानिक दिखा रहे हुनर

पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाहन में शुक्रवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ हुआ। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और जीवन में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन सत्र के बाद मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए मॉडलों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान प्रवेक्षक सुरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के नियमों और आगामी दो दिनों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। जिला सिरमौर के 70 स्कूलों के 272 छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों की प्रतिभा को परखने के लिए प्रतियोगिता में साइंस एक्टिविटी कॉर्नर, विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान प्रश्नोत्तरी और गणित ओलंपियाड जैसी गतिविधियां रखी गई हैं। साइंस एक्टिविटी कॉर्नर में विद्यार्थी तार्किक क्षमता और व्यावहारिक विज्ञान से जुड़े प्रयोग प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं, विज्ञान प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सौर ऊर्जा जैसे विषयों पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। विज्ञान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों के वैज्ञानिक ज्ञान और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखा जा रहा है। गणित ओलंपियाड में छात्र-छात्राएं लिखित और मौखिक प्रतियोगिताओं के तहत गणितीय सवालों तथा तार्किक प्रश्नों को हल कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों के बीच मुकाबले देखने को मिले। बाल वैज्ञानिक अपने मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने को लेकर उत्साहित नजर आए। विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्थानीय प्रबंधन समिति ने प्रतियोगिता में पहुंचे शिक्षकों और मार्गदर्शक गाइडों का स्वागत किया। दो दिवसीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन शनिवार को होगा। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर अव्वल रहने वाले विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजकों के अनुसार, समापन समारोह में नाहन के विधायक अजय सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें