नाहन के दिल्लीगेट स्थित नगर परिषद के बहुमंजिला एमसी कॉम्प्लेक्स की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। रखरखाव के अभाव में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार भवन अब बदहाली की ओर बढ़ रहा है। बारिश के दौरान भवन की ऊपर से दूसरी मंजिल की छत लगातार टपक रही है। इससे पूरी मंजिल पर पानी जमा हो रहा है और यहां कारोबार करने वाले दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि छत से लगातार पानी रिसने के कारण दुकानों में रखा सामान भी खराब होने लगा है। वहीं, पानी के रिसाव से छत के सरियों में जंग लगने लगी है, जिसके चलते जगह-जगह से प्लास्टर उखड़ रहा है। इससे भवन की हालत को लेकर दुकानदारों के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ रही है। कई बार नगर परिषद से लगाई गुहार स्थानीय दुकानदारों के अनुसार एमसी कॉम्प्लेक्स की खराब हालत को लेकर वे कई बार नगर परिषद के अधिकारियों से मरम्मत करवाने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हाल ही में नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपमा धीमान ने भी एमसी कॉम्प्लेक्स का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लिया था। दुकानदारों को उम्मीद थी कि निरीक्षण के बाद भवन की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है। सरकारी भवन के रखरखाव पर उठे सवाल एमसी कॉम्प्लेक्स की स्थिति को लेकर अब स्थानीय लोगों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से बनाए गए भवन का समय पर रखरखाव नहीं होने से उसकी हालत खराब हो रही है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई तो आने वाले समय में भवन को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि भवन का तकनीकी निरीक्षण करवाकर छत से पानी रिसने की समस्या को स्थायी रूप से दूर किया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त प्लास्टर और अन्य हिस्सों की भी जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि दुकानदारों और यहां आने वाले लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।