फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर बुशहर: रिकांगपिओ महाविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टीएस नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के भूगोल विभाग की ओर से वीरवार को विश्व ओजोन दिवस पर पर्यावरणीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘शीतल ग्रह के लिए वैश्विक कार्य’ रही। इसके माध्यम से ओजोन परत के संरक्षण, ऊर्जा-कुशल शीतलन और जलवायु संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ओजोन परत के महत्व, पर्यावरण संतुलन, ऊर्जा संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी रचनात्मकता और जागरूकता का परिचय दिया। भूगोल विभाग के सहायक आचार्य धरम कीर्ति नेगी ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। यह सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि ओजोन संरक्षण के साथ ऊर्जा संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को अपनाना आज के समय की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक बनने और इस संदेश को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य उत्तम चंद चौहान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने और उनके समाधान के लिए सोच विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। छात्र कल्याण अधिष्ठाता जनक नेगी ने ओजोन संरक्षण को निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे कार्यक्रम में दिए गए संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘ओजोन की रक्षा—पृथ्वी की सुरक्षा’ रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और जलवायु संतुलन के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें