फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर बुशहर: भड़ावली पंचायत की ग्राम सभा में विकास, नशामुक्ति और स्वच्छता पर मंथन

उपमंडल रामपुर की भड़ावली पंचायत में शुक्रवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल भारद्वाज की अध्यक्षता में ग्राम सभा संपन्न हुई। सभा में पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, नशामुक्ति और स्वच्छता सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम सभा में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्राम सभा के दौरान राजपुरा परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर भी जोर-शोर से चर्चा हुई। रोजगार और लाडा की राशि न मिलने पर रोष जताया गया। इसके अलावा नोगली में शौचालय निर्माण करवाने और कुमसू-करेरी की खस्ताहाल सड़क को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर भी मंथन किया गया। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल भारद्वाज ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंडलों और युवक मंडलों को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त पंचायत निर्माण के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। यदि कोई भी व्यक्ति नशा बेचते हुए पाया गया तो कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस मौके पर पंचायत उपप्रधान बुद्धि सिंह, वार्ड सदस्य विनोद चौहान, शेर सिंह, शेखर चौहान, राकेश चौहान, संजय कायथ, पृथ्वी राज, तिलक राज और दुर्गा सिंह सहित कई अन्य मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें