तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का कहना है कि जल्द ही प्रदेश के सभी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शारीरिक और संगीत शिक्षकों की तैनाती के साथ ही एनसीसी जैसी सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी। यह बात उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सिद्धपुर में अंडर-19 छात्राओं की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 10 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बेहतरीन आयोजन के लिए स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ठाकुर और उनकी पूरी टीम को बधाई भी दी। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सिद्धपुर जैसे दूरदराज क्षेत्र में करवाने के लिए प्रदेश सरकार और तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में दो स्पोर्ट्स हॉस्टल खोलने के लिए भी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पांच सीबीएसई विद्यालयों का संचालन शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिलेंगे।