मंडी जिले के पधर क्षेत्र में निर्माणाधीन पधर-बिजनी सुपर हाईवे पर साहल के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक टिप्पर पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर के दौरान वाहन का अगला शीशा टूट गया और केबिन में सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार टिप्पर चालक भूपेंद्र कुमार वाहन को पधर से मंडी की ओर ले जा रहा था। साहल के पास पहुंचने पर अचानक टिप्पर अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिप्पर का फ्रंट शीशा टूट गया। इसी दौरान केबिन में बैठे साहल निवासी सतीश कुमार शीशे से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में सतीश कुमार को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मंडी अस्पताल रेफर कर दिया। मंडी में उपचार के दौरान सतीश कुमार ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पधर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशानघाट में किया जाएगा। एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।