नंबरदार जन कल्याण महासंघ हिमाचल प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नम्बरदारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने नंबरदारों को कार्य करने में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को एसडीएम के समक्ष रखा और इनके समाधान की मांग उठाई। बैठक में नंबरदार जन कल्याण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह चौहान, जिला प्रधान लेखराज शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह, प्रदेश सलाहकार प्रताप सिंह तथा प्रेस सचिव विनय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। महासंघ की ओर से प्रमुख रूप से मांग रखी गई कि उपमंडल के सभी नंबरदारों को पहचान पत्र जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन के दौरान अपनी पहचान स्थापित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पदाधिकारियों ने कहा कि नम्बरदार लंबे समय से प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते आ रहे हैं। एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने महासंघ की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा सभी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की।