अग्निवीरों के सैन्य करियर को लेकर केंद्र सरकार ने नई व्यवस्था को मंजूरी दी है। इसके तहत चार साल का सेवाकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प मिलेगा। भाजपा हिमाचल प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता पंकज जमवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे युवाओं और सेना दोनों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। पंकज जमवाल ने कहा कि नई व्यवस्था से अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद सीधे घर लौटने के बजाय दो साल और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इस तरह इच्छुक अग्निवीरों का कुल सेवाकाल छह साल तक हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से युवाओं को सेना में अपना करियर आगे बढ़ाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। साथ ही सैन्य बलों को अनुभवी और प्रशिक्षित जवानों की सेवाएं अधिक समय तक मिल सकेंगी। नई व्यवस्था के तहत पहले चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से 25 फीसदी को पहले की तरह योग्यता और मेरिट के आधार पर नियमित सेवा में शामिल किया जा सकेगा। शेष 75 फीसदी अग्निवीरों को अपनी इच्छा के आधार पर दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया जाएगा। दो साल की अतिरिक्त सेवा पूरी होने के बाद इच्छुक अग्निवीर निर्धारित चयन प्रक्रिया और मानदंडों को पूरा करने की स्थिति में नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। पंकज जमवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सैनिकों और बलिदानियों की भूमि है। प्रदेश के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का विशेष उत्साह रहता है। ऐसे में इस फैसले से युवाओं को सैन्य सेवा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सेवा अवधि से अग्निवीरों को अनुभव बढ़ाने और सेना में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई व्यवस्था से हिमाचल सहित देशभर के युवाओं को लाभ मिलेगा और सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं का उत्साह बढ़ेगा।