जिला लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों बारालाचा दर्रा और शिंकुला पास में रविवार सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। प्रतिकूल मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों तथा आम जनता की सुरक्षा के लिए दारचा से बारालाचा और शिंकुला दर्रे की ओर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बर्फबारी के दौरान जांस्कर से लाहौल की ओर आ रहे कई वाहन और सैलानी रास्ते में फंस गए। इसकी सूचना मिलने के बाद लाहौल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस ने फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित निकाला, जबकि बाइक सवारों को अपने वाहनों में सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। डीएसपी मुख्यालय केलांग केडी शर्मा ने पर्यटकों, वाहन चालकों और आम जनता से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने प्रतिकूल मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए लोगों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने का आग्रह किया है।