अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया जारी है। अब तक प्लॉट आवंटन समिति की ओर से मीना मार्केट सहित विभिन्न बाजारों में प्लॉट आवंटित कर 1 करोड़ 90 लाख रुपये का राजस्व जुटाया जा चुका है। आने वाले दिनों में भी प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया जारी रहेगी। प्लॉट आवंटन समिति के अध्यक्ष एवं जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया 5 अक्टूबर से शुरू हुई थी। इसके तहत विभिन्न बाजारों में दुकानें लगाने के लिए प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया से अब तक 1.90 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि उत्सव में कारोबार करने के इच्छुक व्यापारियों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया आगामी दिनों में भी जारी रहेगी। जिन व्यापारियों ने अभी तक दुकानें लगाने के लिए प्लॉट नहीं लिया है, वे बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में पहुंचकर अपना प्लॉट बुक करवा सकते हैं।