हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित बिजली महादेव पहाड़ी पर जंगल की आग ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार दोपहर बाद पहाड़ी में लगी आग रातभर सुलगती रही। आग लगातार फैलती जा रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग दहशत में हैं। जानकारी के अनुसार, बिजली महादेव की पहाड़ी पर मंगलवार दोपहर बाद आग लग गई थी। इसके बाद आग ने धीरे-धीरे पहाड़ी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। रातभर आग की लपटें और धुआं पहाड़ी पर दिखाई देता रहा। आग के लगातार फैलने से स्थानीय लोगों को अपने खेतों और बगीचों की चिंता सताने लगी है। लोगों को डर है कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो यह उनके खेतों और फलदार बगीचों तक पहुंच सकती है। इससे उनकी फसलों और संपत्ति को नुकसान होने की आशंका है। पहाड़ी पर रातभर आग सुलगती रहने के कारण क्षेत्र के लोग भी चिंतित रहे। आग पर काबू पाने और इसे आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने से रोकने को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।