फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: ज्वालाजी मंदिर में सात नवरात्रों में 80 लाख का चढ़ावा, ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में शारदीय अश्विन नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रों के पहले सात दिनों में ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दर्शन किए, जबकि करीब 80 लाख रुपये का चढ़ावा मां के चरणों में अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि मंदिर में शारदीय नवरात्र उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। छठी, सप्तमी और अष्टमी के अवसर पर मंदिर के कपाट 24 घंटे दर्शनों के लिए खुले रखे गए, ताकि श्रद्धालु आसानी से मां ज्वाला के दर्शन कर सकें। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवाए जा रहे हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ व्यवस्था सुचारू रखी जा सके। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर अधिकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन करवाने के लिए मंदिर कर्मचारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए तीन समय नियमित लंगर की व्यवस्था की गई है। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से भोजन तैयार करवाया जा रहा है, ताकि उन्हें भी भोजन की सुविधा मिल सके। इसके अलावा मंदिर परिसर में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया है। यहां श्रद्धालु स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ जरूरत के अनुसार दवाइयां भी प्राप्त कर रहे हैं। नवरात्रों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मंदिर के साथ लगती सीढ़ियों के पास एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। यह एंबुलेंस 24 घंटे सेवाएं दे रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। मंदिर प्रशासन ने पेयजल, टेंट, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं लगातार जारी हैं। नवरात्रों के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, नवरात्रों के दौरान अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मंदिर अधिकारी ने कहा कि पुलिस और मंदिर कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन करवाने के लिए सभी व्यवस्थाएं लगातार जारी हैं। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल के अनुसार, शारदीय नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। दर्शन व्यवस्था से लेकर लंगर, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं तक जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें