हमीरपुर। ग्राम पंचायत बफड़ी के वार्ड नंबर पांच में आग लगने से जय सिंह और लता देवी की दो पशुशालाएं राख हो गईं। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पशुशालाओं में बंधे पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की मुस्तैदी से पशुधन की जान बच गई, हालांकि दोनों पशुशालाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के बाद प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों ने मिलकर लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण पशुशालाओं को बचाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और उन्हें निजी तौर पर आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने प्रशासन के माध्यम से भी प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पंचायत प्रधान, वार्ड पंच शनिक राज और पूर्व उपप्रधान भी मौजूद रहे।