स्वामी श्रीहरि गिरि संयास आश्रम ककीरा के तत्वावधान में गणपति मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं स्वामी राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों, प्रबंधन सहित गणपति महाराज की पूजा-अर्चना कर वन विभाग की पौधशाला के समीप होबारड़ी खड्ड में गणपति मूर्ति को विसर्जित किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी शुभ कार्य में गणपति महाराज की पूजा-अर्चना श्रेष्ठ एवं सबसे पहले की जाती है। उन्होंने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष स्वामी श्री राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान की ओर से गणपति मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम आयोजन किया जाता है। विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान वन विभाग की पौधशाला होबारड़ी में नीम का पौधा भी रोपित किया। कुलदीप सिंह पठानिया के जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय समर्थकों ने इस दौरान केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी विजय कंवर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।