झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में सोमवार को हिमाचल सैनिक लीग की बिलासपुर इकाई की नई कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। एक निजी होटल में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में 150 से अधिक पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने भाग लिया। सभी पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव में कैप्टन रामलाल को हिमाचल सैनिक लीग बिलासपुर इकाई का अध्यक्ष चुना गया। नायब सूबेदार राजकुमार पटियाल को उपाध्यक्ष, सब लेफ्टिनेंट अवतार सिंह चंदेल को सचिव और नायब सूबेदार संतोष कुमार को जूनियर वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी दी गई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद मौजूद पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। चुनाव प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश सैनिक लीग के स्टेट प्रेसिडेंट कर्नल वाईएस राणा की अध्यक्षता में हुई। प्रेजेंटिंग ऑफिसर कर्नल आरपी गुलरिया, इलेक्शन ऑफिसर कैप्टन रमेश टापोवाल और कैप्टन जमवाल की देखरेख में चुनाव संपन्न करवाया गया। इस दौरान सैनिक लीग से जुड़े पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।