राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवियों ने प्रभात फेरी निकाली और हल्का व्यायाम कर दिन की शुरुआत की। दोपहर के समय आयोजित समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में मर्चेंट नेवी में कार्यरत इलेक्ट्रिकल ई. रमेश्वर शर्मा और उनकी पत्नी रेखा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया। सात दिनों तक विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, अनुशासन, समर्पण के आधार पर साहिल और आकांक्षा को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार एवं अमिता कुमारी ने शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं स्वयंसेवियों की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शशि पाल चौहान, स्कूल का स्टाफ, स्वयंसेवी आदि उपस्थित रहे।