केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मंगलवार को विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जीवन में सफलता हासिल करने के टिप्स दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर बेहतर प्रदर्शन करने, भावनाओं पर नियंत्रण रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आधुनिक तकनीक, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और जीवन कौशल जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने प्रयोगशालाओं और खेल मैदान की सुविधाएं बेहतर बनाने की मांग उठाई, जिस पर मंत्री ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय को खेल सामग्री भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना भी जरूरी है। व्यवहार कुशलता, अनुशासन और जीवन कौशल व्यक्तित्व को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को इन गुणों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि वे चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।