यमुनानगर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।इसके तहत शहर सहित उपमंडल, कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। इस दौरान शहर में आठ स्थानों पर और जिले में करीब 36 स्थानों पर विजयादशमी पर पुतला दहन मेला लगेगा। पर्व को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। इस बार जिले में रावण का सबसे ऊंचा पुतला 75 फीट का पुतला दशहरा ग्राउंड में जलाया जाएगा। वहीं, यहां पर कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों की अधिकतम ऊंचाई 65 फीट है। इससे पहले श्रीराम दल व रावण की सेना की शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रीराम-रावण का अंतिम मुक्ति संग्राम भी मैदान में दिखाया जाएगा। रावण के वध के बाद तीनों पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं, जिले की सबसे बड़ी एवं पुरानी श्री यमुना रामलीला कमेटी की ओर से सिटी सेंटर के साथ स्थित मैदान में पुतला फूंका जाएगा। कमेटी की ओर से 70 फीट का रावण और कुंभकर्ण व मेघनाद के 65-65 फीट के पुतले फूंके जाएंगे। तेजली स्टेडियम के सामने 70 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। सेक्टर-18 में श्री रामलीला भवन कमेटी जगाधरी की ओर से 55 फीट रावण का पुतला फूंका जाएगा। वहीं, 52 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और 50 फीट मेघनाद का दहन होगा। श्री हनुमान रामलीला क्लब की ओर से रामपुरा कॉलोनी के पार्क में 45 फीट रावण व 35-35 फीट कुंभकरण व मेघनाद का दहन होगा। बूड़िया रामलीला कमेटी गांव दयालगढ़ स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर के पास रावण का 50, कुंभकर्ण और मेघनाद के 45-45 फीट पुतलों का दहन कर रही है। जगाधरी वर्कशाप के रेलवे मैदान में 40 फीट रावण, 35 फीट कुंभकरण व 30 फीट मेघनाद के पुतले जलने के तैयार हैं। कैंप पार्क में 35 फीट के पुतलों का दहन होगा। वहीं, पुराना हमीदा, जम्मू कालोनी, ममीदी व मुंडा माजरा में भी पुतलों का दहन किया जा रहा है। जिले के व्यासपुर में श्री वेदव्यास रामलीला एवं दशहरा कमेटी की ओर से 55 फीट ऊंचे रावण का दहन राजकीय आदर्श संस्कृति विद्यालय व्यासपुर के मैदान में होगा। वहीं, साढौरा के तोरांवाला तालाब के तट पर श्री सनातन धर्म सभा और शिव शक्ति क्लब की ओर से 45 फीट रावण का पुतला तैयार किया गया है। श्री श्याम दशहरा कमेटी की ओर से शहर के सफल पैलेस के सामने क्षेत्र का सबसे ऊंचा 60 फीट रावण के पुतले का दहन किया जा रहा है। छछरौली के राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में दशहरा कमेटी एवं नवजीवन वेलफेयर सोसायटी की ओर से 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाया जा रहा है। इसके साथ जठलाना, सरस्वतीनगर सहित 36 स्थानों पर पुतलों का दहन किया जा रहा है।