यमुनानगर के शहीद भगत सिंह चौक पर सड़क के बीचोंबीच बने गड्ढे ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। इस गड्ढे के कारण रोजाना वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार बाइक सवार और ऑटो रिक्शा चालक इस गड्ढे में गिर चुके हैं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। खासतौर पर रात के समय और बारिश के दौरान यह गड्ढा और भी खतरनाक साबित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम कार्यालय इस स्थान से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। बावजूद इसके, इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारी अक्सर इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं, फिर भी सड़क की बदहाल स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस समस्या के बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि सड़क के बीच बने इस गड्ढे से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है और किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढे को भरवाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।