यमुनानगर। आईटीआई के पास शिव मंदिर परिसर में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मंदिर के प्रथम तल पर संचालित श्री कृष्णा श्रृंगार पैलेस में आग लगी। जिस समय हादसा हुआ, उसके नीचे बने सत्संग हॉल में करीब 8 से 10 महिलाएं कीर्तन कर रही थीं। धमाके की आवाज और धुआं उठता देख महिलाएं जान बचाकर हॉल से बाहर निकल गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के ऊपर बने हिस्से के लेंटर में भी दरारें आ गईं। आग बुझाने के दौरान डाला गया पानी छत से नीचे सत्संग हॉल में भी टपकता रहा। दुकान के बाहर लगी एसी की आउटडोर यूनिट में भी जोरदार धमाका हुआ। छठी के लिए एकत्रित हुई थीं महिलाएं श्रद्धालु अनुराधा ने बताया कि बुधवार को मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी के आयोजन के लिए महिलाएं एकत्रित हुई थीं। हादसे से करीब पांच मिनट पहले उनकी बेटी भी ऊपर से कान्हा जी की पोशाक लेकर आई थी। इसके बाद महिलाएं सत्संग हॉल में कीर्तन करने लगीं। तीन भजन गाने के बाद अचानक पंखे बंद हो गए और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। ऊपर जाकर देखने पर इन्वर्टर से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं। कुछ ही देर में धुआं फैल गया और आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद महिलाएं तत्काल बाहर निकल गईं। धार्मिक सामान जलकर राख मंदिर के पुजारी मोहन लाल ने बताया कि आग की सूचना तुरंत दमकल को दी गई। आग से शोरूम में रखा भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, श्रृंगार सामग्री, धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामान जल गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।