फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर मंडी में किसानों का हंगामा, धान खरीद-उठान सुचारु न होने पर दोनों गेटों पर जड़े ताले

बिलासपुर। धान की खरीद और उठान सुचारु न होने से परेशान किसानों ने बुधवार को बिलासपुर अनाज मंडी में जमकर हंगामा किया। किसानों ने मंडी के दोनों गेटों पर ताले जड़कर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि मंडी में धान की खरीद और तौल व्यवस्था प्रभावित है। वहीं, बारिश के कारण खुले में पड़ा धान भीग रहा है। किसानों और आढ़तियों के बीच बहस के बाद मामला और गरमा गया। किसानों की समस्याओं को लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय में एसडीएम की मौजूदगी में बैठक हुई। बैठक के बाद किसान मंडी की स्थिति देखने पहुंचे। इस दौरान कुछ आढ़तियों के साथ किसानों की बहस हो गई। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने दोनों गेटों पर ताले लगा दिए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक बंद पड़ी तौल व्यवस्था शुरू नहीं होती, तब तक प्रशासन से बातचीत नहीं की जाएगी। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अभी राइस मिलरों के साथ व्यवस्था को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण धान का उठान प्रभावित है। मंडी में खुले में पड़ा धान बारिश में भीग रहा है। इससे किसानों को नुकसान होने की चिंता सता रही है। किसान नेता संजू गुदियाना ने कहा कि मंडी में खरीद और उठान की व्यवस्था तत्काल सुचारु की जानी चाहिए। किसान ऐसा कदम न उठाएं : कृषि मंत्री वहीं, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार अपना काम ईमानदारी से कर रही है और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के खातों में भुगतान किया जा रहा है। वेरिफिकेशन में समय लगता है। मंत्री के अनुसार सेटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों का किसानों के पंजीकरण से मिलान नहीं होने के कारण सत्यापन जरूरी हुआ है और इसे जल्द दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस तरह के कदम न उठाएं और व्यवस्था सुधारने में सहयोग करें। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य मंडियों के गेटों पर भी धरना दिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें