एंटी बर्गलरी स्टाफ एवं anc-2 की टीम ने बंद पड़े मकान में जेवर चोरी करने के आरोप में अकरम निवासी.ससौली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह ग्राम सोना और दो जोड़ी चांदी की पाजेब बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी को 15 जून 2026 को इंदिरा गार्डन क्षेत्र मैं चोरी के आरोप में आरोपी अकरम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को प्रोडक्शन डिमांड पर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अकरम पेंटर का काम करता था और ससौली में रह रहा था। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी ससुराल मुजफ्फरनगर के लोई सराय चला जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय बाइक से यमुनानगर सीमा में प्रवेश करता था। इसके बाद ऑटो के माध्यम से शहर में पहुंचकर बंद मकानों को निशाना बनाता और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वापस मुजफ्फरनगर अपनी ससुराल चला जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के सात मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ 15 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी की अन्य वारदातों और बरामदगी के संबंध में पूछताछ की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई सुरेंद्र, सिपाही रोहित, रजनीश, दिनेश आदि शामिल रहे।