सोनीपत। गांव भटगांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोमवार को बिजलीघर परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता मोहित के कार्यालय पहुंचे और उनके माध्यम से कार्यकारी अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले भी ग्रामीणों ने तीन जुलाई को इसी मांग को लेकर ज्ञापन दिया था। मांग पूरी नहीं होने पर सोमवार को स्मरण पत्र सौंपा गया। समिति के संयोजक ईश्वर सिंह दहिया ने कहा कि कई वर्ष पहले घरों से बाहर बिजली मीटर लगवाते समय सरकार की ओर से 24 घंटे बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं को इनवर्टर और बैटरी पर हर साल 10 से 15 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। साथ ही बैटरी चार्ज करने में होने वाले बिजली नुकसान का भार भी उपभोक्ताओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को बिजली उपलब्ध करानी ही है तो ग्रामीणों को निर्बाध आपूर्ति क्यों नहीं दी जा रही। 24 घंटे बिजली मिलने से महंगाई और बेरोजगारी के दौर में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बैटरी के उत्पादन और निस्तारण से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर गांव-गांव जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बुध सिंह, विजयपाल, जगबीर, बलबीर सैनी, अजीत, आजाद, सतबीर, अशोक, राकेश, बिजेंद्र, राजेश और बलवीर सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।