विधायक निखिल मदान ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के जाट जोशी गांव की जमीन पर बनने वाले बस स्टैंड की जमीन का दौरा किया। उनके साथ रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (डीआईएमटीएस) एजेंसी के अधिकारी अभिमन्यु सिंह भी मौजूद रहे। विधायक निखिल मदान ने बताया कि डीआईएमटीएस एजेंसी की ओर से बस स्टैंड की पूरी डिजाइनिंग और निर्माण कार्य का पूरा खाका तैयार किया जाएगा। उसके पश्चात बस स्टैंड के निर्माण के लिए सार्वजनिक निजी साझेदारी (पीपीपी) मोड पर टेंडर प्रक्रिया शुरू करके निर्माण एजेंसी को कार्य आवंटित किया जाएगा। उन्होंने डीआईएमटीएस एजेंसी को बस स्टैंड की डिजाइनिंग से संबंधित जरूरी सुझाव और निर्देश दिए हैं। जल्द ही नए बस स्टैंड का पूरा डिजाइन तैयार किया जाएगा। 9.33 एकड़ भूमि पर बनने वाले नए बस स्टैंड में 200 से 250 बसों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए विश्राम कक्ष बनाएं जाएंगे। इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। दुपहिया और और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए क्षेत्र को डिजाइन किया जाएगा। विधायक ने रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बस स्टैंड के सामने एक फुटओवर ब्रिज के निर्माण के लिए भी कार्रवाई शुरू की जाए। जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से जरूरी मंजूरी ली जाए और काम शुरू किया जाए। नए बस स्टैंड में व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित करने के लिए भी जगह आवंटित की जाएगी। जल्द ही विभाग की ओर से बस स्टैंड का डिजाइन साझा किया जाएगा, जिसके बाद कार्य को तीव्र गति से पूरा किया जाएगा। इस दौरान मोहित राणा, कुलदीप वत्स आदि मौजूद रहे।