शहर में रविवार देर रात एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट की गई है। पहले बाजार में एक चिकन कॉर्नर के बाहर पीटा और फिर जबरन गाड़ी में डालकर अपने अड्डे पर ले गए। सामाजिक कार्यकर्ता विमल किशोर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़वाया। मामला सूदखोरी का बताया जा रहा है। फिलहाल लिखित शिकायत लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। कोट मोहल्ला निवासी चिराग चावला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जनवरी की रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने दादा रतन लाल चावला के साथ खाना लेने कार से कच्चे क्वार्टर स्थित पंजाबी चिकन कॉर्नर पर गए थे। उसी दौरान आकाश नागर ने ब्याज के पैसों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आकाश नागर और उसके दोस्तों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। गाड़ी की चाबी छीन दादा को जबरन उतार दिया। इसके बाद चिराग को गाड़ी में जबरदस्ती बिठाकर मॉडल टाउन में अपने ऑफिस पर ले गए। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें देखा एक युवक चिराग का गला पकड़े और दूसरे को उसे मारते साफ देखा जा सकता है। चिराग के दादा बचाने की कोशिश करते तो पीछे हटने की कह उनके साथ भी गाली-गलौज किया गया। एक युवक कह रहा है कि पैसे ले रखे हैं, कोई नाचे-गाए के पैसे नहीं हैं। उसके बाद उसे गाड़ी में बिठाकर चले गए। पता चला है कि वीडियो शहर के सामाजिक कार्यकर्ता विमल किशोर ने बनाया है। उन्होंने बताया कि यह सब देख उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल किया। वहां जवाब मिलने में देरी होते देख उन्होंने थाना सिविल लाइन प्रभारी को फोन किया। इसके बाद पुलिस टीम ने अपहरणकर्ताओं का पीछा किया और फिर चिराग को छुड़वाया। बाद में चिराग ने थाना सिविल लाइन जाकर लिखित शिकायत दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रदीप ने बताया कि शिकायत के बाद उन्होंने सिपाही अजय और शिकायतकर्ता को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।