सोनीपत। वार्ड नंबर 19 और 21 के लोगों को सड़क और गलियों के निर्माण की सौगात मिली है। सोनीपत विधायक निखिल मदान और नगर निगम मेयर राजीव जैन ने वीरवार को करीब 80 लाख रुपये की लागत से बिटुमिन से बनने वाली सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वार्ड 19 के सेक्टर-23 व हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तथा वार्ड 21 में सड़क एवं गलियों का निर्माण कराया जाएगा। विधायक निखिल मदान ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। पक्की सड़कें और गलियां शहरी विकास की आधारभूत जरूरत हैं। बेहतर सड़क सुविधा से लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलती है। उन्होंने बताया कि वार्ड 19 और 21 के निवासियों ने जर्जर गलियों के निर्माण की मांग रखी थी। इसके बाद निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अब इन्हें धरातल पर शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि करीब 80 लाख रुपये से होने वाले इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं, मेयर राजीव जैन ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क और गलियों के अलावा जरूरत के अनुसार सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य भी कराए जाएंगे। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम पार्षद राजेश मलिक, दीपमाला, जिला पार्षद संजय बड़वासनी, अनिल ठाकुर, अनिल ढुल, अमन योगी, रमेश कुमार, सुनीता भी मौजूद रहे।