मदनलाल ढींगरा खेल स्टेडियम में अब खिलाड़ियों और आम लोगों के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। खिलाड़ियों की प्रैक्टिस में बार-बार आ रही दिक्कत को देखते हुए स्टेडियम में आईडी कार्ड सिस्टम शुरू किया गया है। यह फैसला चेयरपर्सन रजनी विरमानी की देखरेख में लिया गया। पिछले कुछ समय से स्टेडियम में खिलाड़ियों और अन्य लोगों के बीच झगड़े बढ़ रहे थे। कई बार ट्रैक पर टक्कर होने से खिलाड़ियों को चोट लग जाती थी, जिससे उनकी साल भर की मेहनत पर असर पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। अब आमजन के लिए स्टेडियम सुबह 4 से 6 बजे तक और शाम 7 से 8:30 बजे तक खुला रहेगा। इसके अलावा सुबह 6 से 10 बजे तक और शाम 3 से 7 बजे तक केवल खिलाड़ियों और प्रैक्टिस करने वालों को आईडी कार्ड के माध्यम से एंट्री दी जाएगी। इस व्यवस्था से खिलाड़ियों को खाली ट्रैक और बेहतर माहौल में प्रैक्टिस करने का मौका मिलेगा। वहीं आम लोग भी अपने तय समय पर सैर या व्यायाम कर सकेंगे। आईडी कार्ड बनवाने के लिए खिलाड़ियों को अपने कोच के माध्यम से सूची में नाम दर्ज कराना होगा। इसके बाद आधार कार्ड की फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज का एक फोटो स्टेडियम कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके आधार पर फोटो वाला आईडी कार्ड जारी किया जाएगा, उसी आईडी कार्ड से खिलाड़ी को स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। यह सुविधा निशुल्क है।