मयूर विहार में बिजली के लग रहे अघोषित कटों से परेशान लोगों ने रविवार दोपहर एकत्रित होकर बिजली निगम के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने कहा कि वह गली नंबर 24 में ट्रांसफार्मर रखने की मांग कर रहे है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह रोड जाम करने व बिजलीघर पर ताला जड़ने के लिए मजबूर होंगे। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि कॉलोनी के लोग काफी समय से बिजली निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर रखवाने की गुहार लगा रहे हैं। अधिकारी बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी नहीं कर रहे है। गर्मी में लोड बढ़ने की वजह से वोल्टेज कम आ रही है और बार-बार फ्यूज उड़ रहे है। बिजली की लगातार कटौती के कारण कॉलोनी वासियों को परेशानी हो रही है। इससे घरों में बच्चे व बुजुर्ग भी बेहाल हो रहे है। अधिकारियों की अनदेखी की वजह से आमजन दुखी है। कॉलोनीवासी जोगेंद्र मलिक, मुकेश दहिया, सुभाष, धर्मेंद्र, रामपाल, पंकज शर्मा ने बताया कि बिजली निगम की ओर से शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। लेकिन कॉलोनी में लोगों को मुश्किल से 10 से 12 घंटे बिजली मिल रही है। अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। इस समस्या से हर वर्ग परेशानी है। उनकी मांग है कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। अन्यथा वह रोड जाम करने व बिजलीघर पर ताला जड़ने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान राजबीर, रोहताश कुलदीप, महावीर, संदीप समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मयूर विहार में सर्वे के दौरान चिह्नित जगह पर लोग ट्रांसफार्मर रखने नहीं दे रहे। लोग जगह उपलब्ध कराए तो बिजली निगम ट्रांसफार्मर रखने के लिए तैयार है। ट्रांसफार्मर रखने के बाद बिजली समस्या का समाधान हो जाएगा। -प्रदीप खोखर, उपमंडल अभियंता, बिजली निगम।