गोहाना। नई अनाज मंडी में सरकारी खाद वितरण केंद्र से डीएपी खाद लेने के लिए किसानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। वितरण केंद्र में वीरवार को डीएपी खाद के 3000 बैग पहुंचे थे, जिनमें से 2000 बैग ही बांटे गए। शुक्रवार को खाद लेने के लिए सुबह 5 बजे से ही किसान वितरण केंद्र के सामने पहुंचना शुरू हो गए थे। खाद का स्टॉक कम होने के चलते खाद लेने के लिए अधिक किसान होने से व्यवस्था बिगड़ गई। दूसरे दिन खाद वितरित करने के लिए 100 किसानों को टोकन वितरित किए गए थे। पहले खाद लेने के लिए किसान खिड़की के पास एकत्रित हो गए। खाद वितरित करने के लिए व्यवस्था बनाने के लिए अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की निगरानी में किसानों को खाद वितरित किया। किसान राजेंद्र, संदीप, विक्रम का कहना है कि वीरवार को उन्हें खाद नहीं मिला था जिसके कारण दूसरे दिन वे सुबह जल्दी वितरण केंद्र के बाहर पहुंच गए थे। लाइन में उनका पांचवा नंबर था जबकि उन्हें टोकन काफी पीछे का मिला। किसानों का आरोप है कि कर्मचारी खाद वितरण करने में धांधली कर रहे हैं। खाद वितरण करने के लिए कर्मचारी अपनी पहचान के लोगों को खाद देने के लिए टोकन अपने पास रख लेते हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से एसडीओ डॉ. राजेंद्र मेहरा का कहना है कि गेहूं सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। जल्द ही डीएपी खाद का रैक लगवाया जाएगा। किसान भी अपनी जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें।