वीर योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में क्षत्रिय राजपूत महासभा की ओर से बहालगढ़ रोड स्थित महाराणा प्रताप चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलावत, मेयर राजीव जैन, मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मदन सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के भाई माईराम कौशिक ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने वीर योद्धा महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित व माल्यार्पण करके की। वक्ता के रूप में सुभाष सिसोदिया ने मेवाड़ राजवंश के इतिहास का वर्णन किया। कार्यक्रम में बच्चों ने वीर योद्धा महाराणा प्रताप की जीवनी पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही कविताओं के माध्यम से महाराणा प्रताप के कौशल पर प्रकाश डाला। विधायक निखिल मदान व कृष्णा गहलावत ने कहा कि भारत हमेशा से ही वीरों की भूमि रहा है। यहां के वीरों की गाथा गौरवपूर्ण हैं, उन्हीं महान वीरों में महाराणा प्रताप के शौर्य एवं पराक्रम की गाथा सदैव भारत के युवाओं को प्रेरित करती है। मेयर राजीव जैन ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज के न होकर बल्कि संपूर्ण समाज के हैं। जिनके बलिदानों की गाथा हम सुनते आ रहे हैं। आज हमारे युवाओं को उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। युवाओं को वीर योद्धा महाराणा प्रताप की जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में क्षत्रिय राजपूत महासभा के पदाधिकारी व सदस्यों सहित समाज के लोग मौजूद रहे।