एशियन रोल बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी अंशिका का सोनीपत में स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों ने बिसवां मिल से पटेल नगर स्थित निवास स्थान तक स्वागत जुलूस निकाला गया। इस दौरान खेल प्रेमियों व अकादमी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने डीजे पर बज रहे गानों की धुन पर नाच कर जश्न मनाया। अंशिका गोवा के मडगांव में आयोजित चौथी रोल बॉल प्रतियोगिता में विजेता भारतीय महिला टीम का हिस्सा रही। स्वागत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सोनीपत विधायक निखिल मदान ने शिरकत की। उन्होंने अंशिका को बधाई देते हुए कहा कि हमारा प्रदेश सदा खेल के लिए जाना जाता है और सोनीपत जिला हमेशा खेलों में आगे रहा है। बेटी अंशिका ने एशियन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले व प्रदेश का सिर ऊंचा किया है।