सोनीपत। रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन के प्रेम के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए शहर में अनूठी पहल की गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर पहले गुलाब का फूल दिया गया और इसके बाद उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाया गया। अभियान के दौरान कुल 150 हेलमेट वितरित किए गए। रोटरी ब्लड बैंक सोनीपत, सेफ इंडिया फाउंडेशन, रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत एक्सीलेंस, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला सोनीपत की महिला एवं युवा इकाई तथा श्री श्याम बाबा जी सेवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हेलमेट जागरूकता एवं वितरण अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत सुबह 11 बजे ककरोई चौक, गोहाना रोड से हुई। इसके बाद गीता भवन चौक और सुभाष चौक पर भी वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। अभियान के दौरान आयोजकों ने वाहन चालकों को समझाया कि रक्षाबंधन पर बहन की कलाई पर राखी बांधने के साथ भाई की सुरक्षा का वचन भी जरूरी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही परिवार के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि अपने परिवार और अपनों के प्रति जिम्मेदारी भी है।