आम आदमी पार्टी ने जिला में पेंशन लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच के लिए लगाए जा रहे शिविरों के विरोध में एक दिन की भूख हड़ताल की। आप कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर धरना देकर अपनी एक दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की। धरने में आप कार्यकर्ताओं ने सरकार व प्रशासन से मांग की कि दस्तावेजों की जांच के नाम पर किए जा रहे पेंशन धारक बुजुर्गों, विधवा महिलाओं व दिव्यांग लोगों के उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए। आप नेता नकीन मेहरा ने कहा कि सरकार की ओर से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं व विकलांगों के पेंशन संबंधी दस्तावेजों की जांच के लिए आए दिन हर वार्ड में शिविर लगाकर जांच की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशन धारकों के दस्तावेजों की जांच के नाम पर अवस्थाओं के चलते सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सीधे तौर पर बुजुर्गों, विधवा महिलाओं व दिव्यांग लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। एक दिन में सैकड़ों पेंशन धारकों को बुलाकर सारा दिन परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं व दिव्यांग लोगों को पेंशन संबंधी दस्तावेजों की जांच के बारे में सही तरीके से सूचना भी नहीं दी गई है। उन्होंने मांग की कि पेंशन धारकों के उत्पीड़न को बंद किया जाए।