सिरसा में मौसम के बदलते मिजाज के साथ वीरवार को घनी धुंध छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। धुंध का आलम ऐसा था कि दृश्यता मात्र 4 मीटर तक सीमित रह गई, जिससे सड़क यातायात और आवागमन में खासी दिक्कतें आईं। साथ ही ठंडी हवा चलने से ठंड का असर और भी बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा में अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार के मौसम की संभावना जताई जा रही है, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है, विशेषकर सुबह और रात के समय वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।