भालौठ से गुजरने वाले सोनीपत रोड की हालत खस्ता है। भालौठ के अंदर से होकर गुजरने वाला यह मार्ग राज्य राजमार्ग है। सोनीपत, दिल्ली और रोहतक आने-जाने वाले वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क निर्माण में भारी ढील बरती जा रही है। ग्रामीण रवींद्र, विकास व गौरव ने बताया कि फरवरी महीने में विभाग ने सीवर और पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोद दी थी। मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई, मगर पक्का निर्माण अब तक नहीं हो सका। यहां ट्रैफिक का दबाव हमेशा बना रहता है। सड़क खुदी होने के कारण रोजाना लंबा जाम लगता है। स्कूल बसें, एंबुलेंस और दोपहिया वाहन घंटों फंसे रहते हैं। ग्रामीणों को रोहतक आने-जाने में दोगुना समय लग रहा है। खराब सड़क से सबसे ज्यादा दिक्कत दुकानदारों को उठानी पड़ रही है। धूल-मिट्टी से दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। ग्राहक टूटी सड़क देखकर दुकानों पर रुकते ही नहीं। कई दुकानदारों का कारोबार ठप होने की कगार पर है।