पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में चल रही तीन दिवसीय इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलिजिस्ट नार्थ जोन (आईएसएसीओएन) कॉन्फ्रेंस का रविवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि के तौर पर निदेशक डॉ. एसके सिंघल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। न्यूरोसर्जरी और एनेस्थीसिया के क्षेत्र में नवीनतम प्रगति पर चर्चा हुई। वहीं, डॉ. एसके सिंघल को नॉर्थ जोन एसोसिएशन का अध्यक्ष व डॉ. सुशीला तक्षक को सेक्रेटरी चुना गया। रविवार की वर्कशॉप में कई सेशन चेयर किए गए जिसमें एक सम्मेलन का विषय न्यूरोसर्जरी फ्रॉम अवेक टू अनस्टेबल मास्टरिंग न्यूरोएनेस्थेसिया रहा। इस कार्यक्रम में देश के प्रमुख एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन ने भाग लिया। इनमें डॉ. मिहिर पांडिया, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. जुल्फिकार अली और डॉ. केशव गोयल शामिल रहे। उन्होंने अवेक क्रेनियोटॉमी, न्यूरोप्रोटेक्शन और न्यूरोसर्जरी में आधुनिक मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए। इस दौरान पेडियाट्रिक एनेस्थेसिया और ऑब्सटेट्रिक एनेस्थीसिया पर भी चर्चा हुई। पेडियाट्रिक सेशन में डॉ. पारुल जिंदल, डॉ. रंजू सिंह और डॉ. भावना गुप्ता ने बच्चों में एनेस्थेसिया की चुनौतियों और नवाचारों पर प्रकाश डाला। ऑब्सटेट्रिक सेशन में डॉ. भारती वाधवा ने प्रसव के दौरान लेबर एनाल्जेसिया में नवीनतम प्रगति के बारे में बताया।