लेवल-3 पीजीटी का पेपर देकर खिले परीक्षार्थियों के चेहरे संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। लेवल-3 पीजीटी परीक्षा रविवार शाम 5:30 बजे संपन्न हुई। जिले में 18 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5600 अभ्यर्थियों को भाग लेना था। परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्य विषय के प्रश्न आसान थे और पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे। हालांकि जनरल पेपर का पैटर्न कठिन रहा। परीक्षार्थियों ने केंद्रों की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों में एसी कमरे और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे। प्रवेश प्रक्रिया भी सुव्यवस्थित रही। अभ्यर्थियों को 1:30 बजे केंद्रों में प्रवेश मिला और परीक्षा 3 बजे शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर भेजा गया। जिला प्रशासन ने नकल रोकने के लिए सीसीटीवी और उड़नदस्ते तैनात किए थे। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।