प्रजापति समाज केवल समुदाय नहीं, परंपरा, विरासत का ध्वजवाहक है। प्रजापति समाज के हाथों का हुनर भारत की आत्मा, एक भारत-श्रेष्ठ भारत को साकार करता है। पात्रता प्रमाण पत्र अपार संभावनाएं खोलेंगे। हर हाथ के हुनर का सम्मान होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव से पूर्व की घोषणाओं, संकल्प पत्र की घोषणाओं को भी सिरे चढ़ा रहे हैं। यह कहना है सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा का। वह बुधवार को जिला विकास भवन में प्रजापति समाज के परिवारों को पात्रता प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से निजी अस्पतालों में इलाज पर रोक के मामले में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव स्थिति स्पष्ट कर चुकी हैं। जल्द ही आईएमए के साथ बैठकर मसले को सुलझा लिया जाएगा। कांग्रेस के वोट चोरी के आरोप पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कभी पारदर्शिता से चुनाव नहीं होने दिया। बूथ कैप्चरिंग, दबंगता के दम पर काम करने वाले बौखला गए हैं। चुनाव आयोग अपना काम ठीक से कर रहा है। कांग्रेस को नोटिस दिए गए। उन्होंने इसका ठीक से जवाब नहीं दिया। चुनाव हारने पर यह ईवीएम पर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पार्टी की खींचतान व लीडरशिप की कमी का नतीजा है। इस कारण कांग्रेस गर्त में जा रही है।