रेवाड़ी। वार्ड नंबर 10 के आर्य नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से परेशान वार्डवासियों ने रविवार को खुद मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाकर आर्य नगर के पास जमा कूड़े के ढेर को हटाया। वार्डवासियों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिसके कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नालियां कूड़े-कचरे से भरी पड़ी हैं। वार्ड पार्षद पवन बाठला ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को लगातार अवगत कराया जा रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जेई को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन का जवाब नहीं दिया जाता। वहीं, सफाई दरोगा द्वारा कर्मचारियों की कमी का हवाला दिया जाता है। पार्षद ने बताया कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से वार्ड में नहीं पहुंच रहे हैं। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को स्थिति से परेशान होकर वार्डवासियों को स्वयं सफाई अभियान चलाना पड़ा। उन्होंने बताया कि वार्ड में 15 से अधिक सीवर जालियों की आवश्यकता है। इस संबंध में भी कई बार संबंधित अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है। पार्षद के अनुसार जालियों का टेंडर हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक जालियां उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। जालियां नहीं होने के कारण कूड़ा सीवर में जा रहा है, जिससे सीवर ओवरफ्लो की समस्या भी सामने आ रही है। पार्षद पवन बाठला ने डीसी और डीएमसी से मांग की है कि वार्ड में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था कर नियमित सफाई सुनिश्चित करवाई जाए।