पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह गुलेल गैंग की इनामी महिला सरगना सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी जिला महेंद्रगढ़ के गांव पड़तल निवासी काली उर्फ संतरा, बेटा विजय, बेटा पिंकी व पड़ोसी अरूण है। राजस्थान पुलिस ने मां-बेटे पर 10-10 हजार व बेटी पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। राजस्थान में आरोपियों की पहचान गुलेल गैंग के नाम से होती है। गुलेल गैंग में 7 से 10 सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान जिले में हुई चोरी की वारदातों के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। गुलेल गैंग की सरगना काली उर्फ संतरा और उसके साथियों की इससे पहले चोरी के 24 मामलों में गिरफ्तारी हो चुकी थी। हरियाणा और राजस्थान पुलिस को रेवाड़ी के पांच, महेंद्रगढ़ के एक और राजस्थान के पांच मुकदमों ने इनकी तलाश थी। गैंग की सरगना काली और उसका बेटा विजय राजस्थान के हनुमानगढ़ में 10-10 हजार के इनामी हैं। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा में हिसार, भिवानी, दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में केस दर्ज हैं। राजस्थान के हनुमानगढ़, अलवर, खैरथल सहित हरियाणा से सटे कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए सामान की बरामदगी व अन्य वारदातों का पता लगाया जाएगा। जिले के थाना खोल में इस गैंग ने चोरी की पांच वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।