शहर के मोहल्ला साधूशाह स्थित पीर बाबा जंगलेश्वर महादेव मंदिर में समाजसेवी मोहन यादव की अध्यक्षता में भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों ने भाग लिया। भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रेम और श्रद्धा के साथ प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही और सभी ने बाबा जंगलेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह भंडारा पिछले तीन वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष इस आयोजन में मोहल्ले के लोग बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। आयोजन का उद्देश्य आपसी भाईचारे को मजबूत करना और सेवा भावना को आगे बढ़ाना है। भंडारे के दौरान साफ-सफाई और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समाजसेवी मोहन यादव ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि भंडारे के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन कराना एक पुण्य का कार्य है और इससे समाज में सहयोग और सेवा की भावना बढ़ती है। उन्होंने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार भी व्यक्त किया। इस मौके पर पुजारी पं. वेदप्रकाश व पं. राजकुमार, नवाब सिंह, बाबूलाल यादव, दशरथ कुमार, कृष्ण कुमार, नवीन कुमार, ओमप्रकाश, पं. भूपेश कुमार, नरेश कुमार, सुरेश कुमार, दिनेश, भौम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।