रेवाड़ी। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की रेवाड़ी डिपो कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। रेवाड़ी बस स्टैंड परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रवीण यादव ने की, जबकि संचालन सचिव रविन्द्र कुमार ने किया। बैठक में यूनियन के राज्य उपप्रधान जयकुंवार दहिया ने डिपो की विभिन्न समस्याओं, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि 14 अक्तूबर को रेवाड़ी डिपो का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 13-14 नवंबर को होने वाले हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के 18वें राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जयकुंवार दहिया ने कहा कि दिल्ली में चल रही डीटीसी और क्लस्टर बसों से जुड़े कर्मचारियों के मांग-मुद्दों का हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन पुरजोर समर्थन करती है। उन्होंने केंद्र सरकार से कर्मचारियों के साथ बातचीत कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आठवां वेतनमान लागू करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित अन्य मांगों को लेकर 12 दिसंबर को दिल्ली में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसमें देशभर के परिवहन कर्मचारी शामिल होंगे। तीन साल के लिए नई कमेटी सर्वसम्मति से पास नई डिपो कमेटी के गठन को लेकर कर्मचारियों ने अपने सुझाव दिए। इसके बाद प्रस्तावित पैनल को सर्वसम्मति से पारित कर आगामी तीन वर्षों के लिए मान्यता दी गई। नई कमेटी में प्रवीण यादव को प्रधान, विकास यादव पुंसिका को उपप्रधान, रविन्द्र कुमार को सचिव, अभिजीत यादव को सहसचिव, देवेंद्र कुमार को कैशियर, नवीन कुमार को ऑडिटर और राकेश कुमार को प्रेस सचिव चुना गया। रविन्द्र कुमार ने पुरानी डिपो कमेटी के सफल कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों को बधाई दी। डिपो कैशियर देवेंद्र यादव ने संगठन के वित्तीय कोष से संबंधित जानकारी साझा की। जयकुंवार दहिया, धनराज और प्रवीण यादव ने बताया कि 12 दिसंबर को होने वाली महा रैली में रेवाड़ी से सैकड़ों कर्मचारी भाग लेंगे।