मामौर गांव में हुई किसान की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी नदीम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर शाम को हुई मुठभेड़ में आरोपी के पांव में गोली लगने से घायल हो गया। उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर कैराना धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी नदीम की तलाश में पुलिस दबिश दे रही थी। रात को करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली की आरोपी पानीपत से अपने गांव की ओर जा रहा है। पुलिस ने तुरंत ही जांच शुरू कर दी। मामौर मार्ग पर एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें नदीम पांव में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है।