आईआईएम रोहतक से पंचकूला पहुंचे 15 छात्रों के दल ने मंगलवार को सेक्टर 15 स्थित रेड क्रॉस भवन का दौरा किया। उनके साथ उपायुक्त कार्यालय में नोडल ऑफिसर विशाल पराशर की तरफ से गोपाल सिंह, श्रेया और ट्रेनिंग ऑफिसर ईशान और सीमा उपस्थित थे। यहां छात्रों ने बुजुर्गों के साथ वार्तालाप की और रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे उनके कल्याण एवं संरक्षण कार्यों के बारे में जाना। बता दें की आईआईएम रोहतक के 15 छात्रों का यह दल पंचकूला में 5 दिन रुक कर ग्रामीण विकास और प्रशासन के विभिन्न विभागों की कार्य प्रणालियों पर शोध कर रहा है। इस दौरान विद्यार्थी महिला रोजगार, वेतन, वित्तीय स्वतंत्रता, घरेलू निर्णय, महिला हेल्पलाइन, बाल श्रम, स्कूल ड्रॉपआउट और पीएम पोषण योजना के लाभार्थियों से मिलेंगे। दूसरे सत्र में वे न्युट्रीशियन, हेल्थ एंड हेल्थकेयर चॉइसेज पर आधारित कार्यक्रम के तहत सीएमओ ऑफिस का दौरा करेंगे। इसमें सिविल सर्जन आहार प्रथाओं, सार्वजनिक बनाम निजी स्वास्थ्य सेवा, स्वास्थ्य व्यय, पोषण अभियान, आयुष और घरेलू नुस्खों पर छात्रों को फील्ड में ले जाएंगे।